जमानत पर छूटकर फिर करने लगे लूट
पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से चार बाइक बरामद की
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
हत्या के आरोप में जेल से जमानत पर बाहर आकर एक व्यक्ति ने अपने साथी के साथ बाइक लूट की वारदातों को अंजाम देना शुरु कर दिया। आरोपी उस समय पुलिस के हाथ लग गया जब वह अपने साथी के साथ जा रहा था। सीआईए की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की चार बाइक बरामद की हैं।
पुलिस ने मामले में न्यू कुलदीप नगर के रहने वाले तरुण कुमार उर्फ खबरी और विक्रम कुमार उर्फ नन्नू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार नाकाबंदी के दौरान आरोपी बाइक पर जा रहे थे। पुलिस को देख आरोपियों ने बाइक घुमा ली और भागने लगे। पुलिस ने आरोपियों का पीछा कर काबू कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चार बाइक बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उक्त बाइक उन्होंने अलग अलग जगहों से लूटे है। आरोपी तरुण के खिलाफ पहले से चोरी और आरोपी विक्रम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है। विक्रम 2017 में जमानत पर जेल से बाहर आया है। उधर, पुलिस ने शेरपुर इलाके में नाकाबंदी के दौरान गुरदासपुर के गांव भुल्लर निवासी सरबजीत सिंह उर्फ बंटू और सरपंच कालोनी के गोल्डी कुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के नौ मोबाइल फोन बरामद किए है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।