सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
एल्युमीनियम दरवाजे का लॉक तोड़ दुकान से लैपटॉप व अन्य सामान लेकर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
मुंडिया इलाके में चोर गिरोह के एक सदस्य ने दिनदहाड़े एक मोबाइल की दुकान को अपना निशाना बनाया। चोर दुकान के एल्युमीनियम दरवाजे का ताला तोड़ कर अंदर घुस गया और सामान चोरी कर फरार हो गया। घटना का पता उस समय चला जब दुकान मालिक आया। चोर की सारी हरकतें दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद थाना जमालपुर के अधीन आती चौकी मुंडियां कलां की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने फुटेज चेक की तो पता चला कि आरोपी बाइक पर आया था। पुलिस ने फुटेज के सहारे बाइक का नंबर नोट कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। राम नगर के रहने वाले बलजिंदर सिंह ने बताया कि उसकी 33 फुट रोड़ पर दास टेलीकॉम के नाम से मोबाइल फोन की शॉप है। दोपहर वह किसी काम से घर गया था। पीछे वह दुकान पर एल्युमीनियम दरवाजे का लॉक लगा कर गया था। जब वापस आया तो गेट खुला हुआ था। उसका लॉक तोड़ा गया था। अंदर जाकर देखा तो लैपटॉप और दराज में पड़े कुछ पैसे भी गायब थे। बलजिंदर सिंह का कहना है जब पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई तो पता चला कि बाइक पर एक युवक आया था, जिसने काले रंग की टोपी पहनी हुई थी। वह पहले दुकान पर गया। उसने कुछ ही सेकेंड में लॉक तोड़ा और फिर दो बार बाइक लेकर इधर-उधर चक्कर लगाने लगा। उसके बाद फिर दुकान के पास गया और सामान चुरा भाग गया।