पुलिस ने रोका, युवक ने वर्दी फाड़ी
आरोपी पर पहले भी है नशा तस्करी का मामला दर्ज
आरोपी को अदालत में किया पेश, भेजा गया जेल
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। नशा तस्करी का शक होने पर पुलिस ने एक व्यक्ति को रोका। जब उससे पूछताछ करने लगे तो आरोपी ने पुलिस पार्टी के साथ ही हाथापाई शुरू कर दी। आरोपी ने मुलाजिम की वर्दी तक फाड़ डाली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसआई जरनैल सिंह की शिकायत पर थाना शिमलापुरी की पुलिस ने न्यू शिमलापुरी स्थित सूरज नगर निवासी रविंदर सिंह उर्फ रवि के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जरनैल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ सूरज नगर इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां किसी के साथ खड़ा था। जब पुलिस ने आरोपी को आवाज दी तो उसके साथ खड़ा आरोपी एक छोटा पैकेट फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने नशा तस्करी के शक में आरोपी को रोक लिया ताकि पूछताछ की जा सके लेकिन आरोपी ने पुलिस पार्टी के साथ ही हाथापाई शुरू कर दी। उसने जरनैल सिंह की वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।