तेजधार हथियार से हमला कर हत्या
चार आरोपियों ने देर रात दिया वारदात को अंजाम
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, चार बार किए गए वार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। साहनेवाल के इलाके जुगियाना में बुधवार देर रात हथियारों से लैस चार लोगों ने पैदल जा रहे व्यक्ति की हत्या कर दी। घटना का पता उस समय चला जब पास में ही स्थित एक फैक्टरी के मुलाजिम ने सीसीटीवी कैमरे से घायल को देखा। उसने तुरंत फैक्टरी मालिक को बताया। फैक्टरी मालिक ने कंट्रोल रूम को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान जुगियाना निवासी राकेश कुमार (48) के रुप में हुई है। पुलिस ने राकेश के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि राकेश कुमार इलाके में ही स्थित एक कपड़ा फैक्टरी में बतौर सुपरवाइजर काम करते थे। बुधवार देर रात वह पैदल ही घर से किसी काम के लिए निकले थे। घर के पास ही बाइक पर सवार चार आरोपियों ने उन्हें घेरकर बुरी तरह पीटा। इसके बाद तेजधार हथियार से उनकी हत्या कर दी। इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह के मुताबिक पास ही स्थित एक फैक्टरी में काम करने वाले सिक्योरिटी गार्ड ने सीसीटीवी में राकेश को वहां पड़ा देखा। इसके बाद उसने फैक्टरी मालिक को सूचना दी। इंस्पेक्टर गुरमीत के मुताबिक आसपास के सीसीटीवी चेक किए गए है। इसमें पता चला है कि वारदात को अंजाम देने वाले चार थे। चारों एक ही बाइक पर आए थे। आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तीन डाक्टरों के बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
सिविल अस्पताल में राकेश के शव का पोस्टमार्टम करने के लिए तीन डाक्टरों का बोर्ड बनाया गया। इसमें डॉ. वरुण सग्गड़, डॉ. बिंदु नलवा और डॉ. दविंदर शामिल थे। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि राकेश के शरीर पर तेजधार हथियार के चार निशान हैं। दो छाती पर और दो बाजू पर थे। छाती पर किए गए वार से ही राकेश की मौत हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया है।