अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
मोबाइल टावर और अन्य स्थानों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को थाना सीआईए वन की पुलिस ने ट्रांस्पोर्ट नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 15 बैटरियां बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में न्यू जनता नगर के रहने वाले सचिन, गिल रोड के प्रिंस दत्ता, दशमेश नगर के रहने वाले अनुज शर्मा, रोहन मेटली व डुगरी स्थित सीआरपी कालोनी के रहने वाले रंजीत शाह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर तहसील दफ्तर के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान आरोपी वहां से किराए का रिक्शा लेकर जा रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों को रोक लिया और चोरी की 15 बैटरियां बरामद की। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी आपस में दोस्त है। वह इंडोज कंपनी के मोबाइल टावरों से बैटरियां चोरी कर लेते और उन्हें आगे सस्ते भाव में बेच देते थे। आरोपियों ने अलग-अलग इलाकों में लगे टावरों से बैटरियां चोरी की थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई थानों में चोरी और लूटपाट के मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि वह चोरी की बैटरियां किन लोगों को बेचते थे।