लुधियाना। सुभानी बिल्डिंग के पास स्थित एक धर्मशाला में चंडीगढ़ से आकर ठहरे व्यापारी ने मंगलवार देर रात संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया। धर्मशाला के वर्कर ने कमरे में जाकर देखा तो अंदर उसका शव लटक रहा था। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। धर्मशाला के रजिस्टर पर मृतक का नाम जतिन गुप्ता लिखा हुआ था जो चंडीगढ़ के सेक्टर-17 का रहने वाला है।
जानकारी के मुताबिक सुभानी बिल्डिंग चौक के पास स्थित नया मोहल्ला में एक धर्मशाला है। वहां 29 अप्रैल की शाम को एक व्यक्ति रहने के लिए आया था। उसने धर्मशाला प्रबंधक को जो आधार कार्ड जमा करवाया था। उस पर जतिन गुप्ता नाम था और पता चंडीगढ़ के सेक्टर-17 का था। वह धर्मशाला के कमरा नंबर-10 में ठहरा हुआ था। इंस्पेक्टर सुभाष शर्मा का कहना है कि जतिन (30) रात को खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया था। जब सुबह काफी समय तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तो धर्मशाला के एक वर्कर ने जाकर गेट खटखटाया लेकिन किसी ने अंदर से कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद जब उसने कमरे का गेट खोला तो अंदर जतिन का शव परने के सहारे पंखे के हुक से लटक रहा था। पुलिस का कहना है कि उन्होंने जतिन के जमा करवाए आधार कार्ड का नंबर चेक किया था लेकिन, वह ऑनलाइन शो नहीं कर रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला है कि उक्त व्यक्ति कुछ समय पहले भी धर्मशाला में रहने के लिए आया था जोकि दो दिन रहने के बाद चला गया था। वह कपड़े की खरीददारी करने के लिए आता था। फिलहाल मृतक के घरवालों का पता लगाया जा रहा है।