गैंगस्टर शुभम मोटा ने बरामद कराया पिस्तौल
सेक्टर 32 में हुए गैंगवार में किया गया था इस्तेमाल
आरोपी की निशानदेही पर दो मैगजीन, 18 कारतूस भी मिले
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। चंडीगढ़ रोड स्थित सेक्टर 32 में बीस फरवरी को समझौते के दौरान हुए गैंगवार में गिरफ्तार गैंगस्टर शुभम अरोड़ा उर्फ मोटा को सीआईए की पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल, दो मैगजीन, 18 कारतूस बरामद किए है। थाना डिविजन चार में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार फिर से अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एडीसीपी क्राइम रतन सिंह बराड़ ने बताया कि 19 फरवरी 2018 को शिवाजी नगर इलाके में दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। उससे अगले दिन दोनो पक्षों ने चंडीगढ़ रोड स्थित मोहिनी रिसोर्ट के पीछे सेक्टर 32 के खाली प्लाट में समझौते का समय रखा ता। वहां दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा हो गया। इस पर गोलियां भी चलाई गईं। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। थाना डिविजन सात की पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया। पुलिस ने इस मामले में शुभम अरोड़ा को गिरफ्तार भी कर लिया था। आरोपी से कोई हथियार बरामद नहीं हो सका था।
अब पुलिस उसे दोबारा से प्रोडक्शन वारंट पर लाई तो आरोपी ने बता दिया कि उसने गांव जस्सियां से गुजरने वाले रेलवे लाइनों के पास झाड़ियों में गड्डा खोद कर उसमें पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस भी रखे है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उससे हथियार बरामद कर लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने यह पिस्तौल महानगर के ही एक युवक से पचास हजार रुपये में खरीद किया था। आरोपी के खिलाफ पहले बी महानगर के कई थानों में हत्या के प्रयास सहित कई आरोपों में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।