किसानों का एसएसपी सिंगला के खिलाफ प्रदर्शन
सब इंस्पेक्टर की धमकियों से परेशान होकर किसान ने की थी खुदकुशी
पुलिस कार्रवाई की मांग पर बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे एक घंटे जाम
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर के अध्यक्ष बलदेव सिंह संदोहा की अगुवाई में किसानों ने रविवार को एसएसपी नवीन सिंगला का पुतला फूंका। इसके अलावा करीब एक घंटे तक नेशनल हाईवे को जाम किया गया। यह प्रदर्शन सब इंस्पेक्टर की धमकियों से परेशान होकर मंडी कलां के युवा किसान भूपिंदर सिंह की खुदकुशी मामले में सब इंस्पेक्टर पर कार्रवाई की मांग पर किया गया।
किसान नेता बलदेव सिंह संदोहा ने आरोप लगाया कि पुलिस अपने सब इंस्पेक्टर को बचाने के लिए जोर लगाते हुए युवा किसान की खुदकुशी को मजाक बना रही है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर रविवार शाम तक सब इंस्पेक्टर जगरूप सिंह के खिलाफ केस दर्ज न किया गया तो वे उक्त नेशनल हाईवे पर अनिश्चित समय के लिए जाम लगा देंगे।
अब तक नहीं हो सका मृतक किसान का अंतिम संस्कार
वहीं मंडी कलां के किसानों और लोगों ने मौड़ मंडी रामपुरा की सड़क पर रविवार को भी जाम लगाए रखा। इस वजह से मृतक युवा किसान का अब तक अंतिम संस्कार नहीं हो सका। इसके अलावा गोनियाना में भी एसएसपी बठिंडा और सब इंस्पेक्टर जगरूप सिंह का भी पुतला फूंका गया। किसान नेता बलदेव सिंह ने कहा कि किसान नेे अपने खुदकुशी नोट में पंजाब पुलिस के सब इंस्पेक्टर जगरूप सिंह और मौड़ मंडी निवासी गवाह सतीश कुमार को अपनी मौत के लिए जिम्मेवार ठहराया था। उसने लिखा था कि वह गवाही मुकरने के लिए उससे लाखों रुपये की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब तक इंस्पेक्टर और गवाह के खिलाफ पुलिस केस दर्ज नहीं करती तब तक किसान का अंतिम संस्कार नहीं होगा। इस दौरान बाबू सिंह, गुलाब सिंह, परमजीत कौर, हरि सिंह, भूरा सिंह, जसवंत सिंह, नच्छत्तर सिंह और करतार सिंह के अलावा बड़ी संख्या में किसान और गांव के लोग मौजूद थे।