युवक की फोटो लगा बनवा लिया जाली पासपोर्ट
जांच के बाद थाना डिविजन छह की पुलिस ने किया मामला दर्ज
आरोपी अभी फरार, तलाश करने में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
होशियारपुर के गांव ताजपुर कलां में रहने वाले अमनदीप सिंह की फोटो लगाकर एक व्यक्ति ने दिक्षित कुमार के नाम से जाली पासपोर्ट बनवा लिया। जब व्यक्ति को इस बारे में पता चला तो उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच के बाद थाना डिविजन छह की पुलिस ने अमनदीप सिंह की शिकायत पर माडल टाऊन के मंजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
अमनदीप सिंह द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक आरोपी के साथ उसकी कोई जान पहचान नहीं थी। उसे नहीं मालूम की आरोपी ने उसकी फोटो कहां से निकाल ली। उसके बाद आरोपी ने उसकी फोटो चिपका कर किसी दिक्षित कुमार के नाम से पासपोर्ट तैयार करवा लिया। इस बात का उसे उस समय पता चला जब सितंबर 2010 में उसने जर्मन जाना था। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों से की। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर वरिंदर कुमार ने बताया कि आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।