नौकरानी ने घर से उड़ाए सात लाख और जेवर
उद्यमी के घर में हुई घटना, चार आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। घरेलू कामकाज के लिए रखी नौकरानी ने गुरदेव नगर इलाके में रहने वाले उद्यमी के घर से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। उद्यमी अपने परिवार के साथ दिल्ली किसी काम से गया हुआ था। हैरानी की बात यह है कि घर में दूसरी नौकरानी और उद्यमी के भाई का परिवार था। फिर भी किसी को चोरी का कुछ पता नहीं चला। घर लौटे पर उद्यमी को घटना की जानकारी हुई। थाना डिविजन पांच कीपुलिस ने गुरदेव नगर निवासी राजीव अरोड़ा की शिकायत पर उसकी नौकरानी कल्पना के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में राजीव अरोड़ा ने बताया वह रेडीमेड गारमेंट्स का काम करता है। उसने घरेलू कामकाज के लिए घर में दो नौकरानिया रखी है। 19 अप्रैल को वह अपने रिश्तेदारों के घर दिल्ली गया था। पीछे से उसके भाई का परिवार घर में ही था और दोनों नौकरानिया भी। पीछे से नौकरानी कल्पना ने अपने तीन साथियों को बुलाया। देर रात को आरोपियों ने राजीव के घर घुस कर उसके कमरे से सात लाख रुपये की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। उसके बाद सभी लोग फरार हो गए। राजीव घर लौटे तो कमरे का सामान बिखरा देख उसके होश उड़ गए। उसने नौकरानी मोनिका को बुलाया तो उसने कुछ पता नहीं होने की बात करी। इसके बाद पता चला कि कल्पना घर से गायब है और वह उसका फोन भी ले गई है। इस पर राजीव ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो पता चला कि कल्पना वारदात को अंजाम देने वाली अकेली नहीं थी, बल्कि उसके तीन और साथी घर में घुसे थे। जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप सिंह ने कहा कि राजीव अरोड़ा ने करीब चार महीने पहले ही कल्पना को काम पर रखा था। उसकी कोई वेरिफिकेशन भी नहीं करवाई थी और उनके पास कल्पना की फोटो के अलावा पहचान पत्र नहीं है। उनका कहना है कि फुटेज कब्जे में ले ली गई है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।