ट्रांसपोर्ट में खड़ी गाड़ियों से कपड़े चोरी करने वाले 5 आरोपी काबू
सभी आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बाहरी राज्यों से आकर ट्रांसपोर्ट नगर में खड़ी गाड़ियों से सामान चोरी करने वाले पांच आरोपियों को थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सामान के साथ आरोपी वहां से दो पहिया वाहन भी चोरी कर फरार हो गए। जोधेवाल की पुलिस ने आरोपियों को चोरी के वाहन पर चोरी का सामान बेचने जाते हुए थाना बस्ती राहों रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक और कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में टिब्बा रोड निवासी तरुण कपूर, विक्की कुमार, गुरदीप सिंह, गुरविंदर सिंह और विक्की के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। जहां से सभी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
थाना बस्ती जोधेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहे थे तो पुलिस पार्टी ने आरोपियों को रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपियों के पास जो बाइक है वह भी उन्होंने कुछ दिन पहले ट्रांसपोर्ट नगर से ही चोरी किया था। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बाहरी राज्यों से जो गाड़ियां आकर ट्रांसपोर्ट नगर में रुकती है, आरोपी उसमें से सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई थानों में मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी चोरी का सामान किस व्यक्ति को बेच कर आते थे।