हादसे में मासूम बेटी की मौत, मां घायल
एक्टिवा पर सवार हो गुरुद्वारा साहिब से जा रही थी घर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। गुरुद्वारा मंजी साहिब आलमगीर से माथा टेक कर एक्टिवा पर सवार हो घर जा रही मां-बेटी को कार ने रविवार की शाम को मलेरकोटला रोड पर टक्कर मार दी। हादसे में चार वर्ष की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक्टिवा चला रही मां घायल हो गई। आरोपी कार सहित फरार होने में कामयाब हो गया। घायल को निजी अस्पताल से डीएमसी रेफर कर दिया।
घायल महिला की पहचान नरिंदर कौर और मृतक बच्ची की पहचान हरगुन (4) के रुप में हुई है। थाना डेहलों की पुलिस ने बच्ची का शव कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुरु तेग बहादुर नगर निवासी अमरीक सिंह की पत्नी नरिंदर कौर अपनी चार साल की बच्ची हरगुन के साथ अपनी एक्टिवा पर सवार होकर गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने के लिए गई थी। माथा टेकने के बाद वह वापस आते समय जीएस रिसोर्ट के पास एर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों एक्टिवा से गिर कर घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने घायलों को उठाया तो बच्ची की मौत हो चुकी थी। घायल नरिंदर को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां नरिंदर की हालत देख कर उन्हें डीएमसी रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही बच्ची के परिजन भी वहां पहुंच गए।
हादसे के बाद गुस्साएं लोगों ने सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज और उसे सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि वह तुरंत कार्रवाई करेंगे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारी हाइवे से पीछे हटे और जाम खुला। थाना डेहलों मे ंतैनात एसआई मोहम्मद रशीद ने बताया कि चालक को कार सहित हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया जाएगा। बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम होगा।