गैंगस्टर ने दिनदहाड़े की फायरिंग, एक घायल
आरोपी गैंगस्टर छोटा लल्ला और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। नाली मोहल्ला में सोमवार को दिनदहाड़े उस समय भगदड़ मच गई, जब मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद गैंगस्टर छोटा लल्ला और उसके साथियों ने गोलियां चला दी। दूसरी तरफ से युवकों ने कोल्डड्रिंक की बोतलें और ईंट पत्थर चलाए। एक गोली युवक के चेहरे के पास छू कर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल जगदेव जिम्मी को अस्पताल दाखिल कराया गया है। खुलेआम फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई। पुलिस के आने से पहले ही गैंगस्टर छोटा लल्ला साथियों के साथ कार में सवार हो फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद, एसीपी वरियाम सिंह और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गैंगस्टर छोटा लल्ला और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नाली मोहल्ला में रहने वाले मोहन लाल (31) ने बताया कि सोमवार को अदालत में उसकी पेशी थी। वह पेशी भुगत कर वापस आ रहा था। भारत नगर चौक के पास छोटा लल्ला और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और मारपीट कर उसकी जेब में पड़े करीब 22 हजार रुपये लूट लिए। मोहन लाल के पास कुछ पैसे जिम्मी के थे। उसने नाड़ी मोहल्ला में आकर जिम्मी को सारी बात बताई। इस पर जिम्मी ने उसे फोन कर पैसे छीनने का कारण पूछा तो दोनों में कहासुनी हो गई।
इसके बाद छोटा लल्ला वरना कार में सवार होकर अपने साथियों के साथ मिल दोमोरिया पुल पर पहुंच गया। वहां गाड़ी साइड पर लगाई और खुद नाली मोहल्ले में चले गए। वहां कहासुनी के दौरान छोटा लल्ला ने सीधे गोली जिम्मी पर चला दी। गोली उसके चेहरे को छू कर निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने करीब छह हवाई फायर किए। इससे वहां भगदड़ मच गई। इसी दौरान जिम्मी के पास खड़े कुछ युवकों ने भी कोल्डड्रिंक की बोतलें और पत्थर चलाने शुरू कर दिए और आरोपियों के पीछे भागे। आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए। पत्थरबाजी में आरोपियों की कार का शीशा भी टूटा है।
गैंगस्टर छोटा लल्ला के खिलाफ पहले भी मारपीट, लूटपाट और हत्या के प्रयास, नशा तस्करी, जुआ लूटने के कई मामले दर्ज है। वह करीब दो महीने पहले ही जमानत पर छूट कर बाहर आया है। बाहर आते ही उसने फिर से अपना गिरोह खड़ा करना शुरू कर दिया था। कई पुराने साथी मिल गए और अब उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि अभी तक की जांच में यहीं पता चला है कि पैसे छीनने को लेकर हुई कहासुनी के बाद दोनों के बीच मारपीट हुई है। इसके बाद छोटा लल्ला ने अपने साथियों के साथ मिल गोलियां चलाई है। उन्होंने कहा कि गोलियां कितनी चली हैं, अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने में जुटी हुई है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।