तीन साल पहले निकाला था काम से, अब चुरा लिए तीन लाख
आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
सीसीटीवी की फुटेज से की गई पहचान, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। कपड़े की होलसेल दुकान पर काम करने वाले एक वर्कर को मालिकों ने तीन साल पहले निकाल दिया। नौकर ने अपने दो साथियों के साथ दुकान के ताले तोड़कर तीन लाख रुपये चोरी कर लिए। घटना का पता उस समय चला जब दुकान मालिक दुकान पर आए। उन्होंने जब सीसीटीवी की फुटेज चेक की तो वर्कर की पहचान हुई। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में दुकान मालिक हरि कृष्ण की शिकायत पर आरोपी वर्कर मंगा और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हरि कृष्ण ने पुलिस को बताया कि एसी मार्केट में उनकी 69 और 72 नंबर दुकान है। उसका होलसेल कपड़े का काम है। हरि का कहना है कि 26 अगस्त को वह रोजाना की तरह दुकान बंदकर चला गया था। अगली सुबह सोमवार को मार्केट बंद होने के कारण दुकान नहीं खुली। इसके बाद सुबह वह जब अपनी दुकान नंबर 72 पर गए तो देखा कि दुकान के ताले टूटे हुए थे और काउंटर के पास सामान बिखरा पड़ा है। उसके काउंटर पर 2.90 लाख पड़े हुए थे जोकि उन्होंने पार्टी को देने थे। वह पेमेंट काउंटर से गायब थी।
हरि कृष्ण का कहना है कि जब उन्होंने एसी मार्केट के अंदर लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जिसमें तीन युवक नजर आए। उन तीनों में एक युवक वह था जोकि उनके पास पहले काम करता था। उसे तीन साल पहले दुकान से निकाल दिया था। उसे पता था कि वह पेमेंट दुकान में छोड़कर जाते हैं। जांच अधिकारी एएसआई चमन सिंह ने बताया कि एक आरोपी सीसीटीवी फुटेज से पहचाना जा चुका है। उसके और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे जल्द काबू कर लिया जाएगा।