दो आरोपी नामजद, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
गाजियाबाद से स्क्रैप से भरी गाड़ी महानगर लाते समय दो आरोपियों ने ड्राइवर की हत्या कर दी और ट्रक को स्क्रैप समेत खुर्दबुर्द कर दिया। सूचना मिलने पर थाना डेहलों की पुलिस मौके पर पहुंची और गांव शंकरा के पास से शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान हरियामा के हिसार निवासी ड्राइवर नेम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने ढंढारी खुर्द की शिव कालोनी के रहने वाले ओम प्रकाश व विनोद कुमार के खिलाफ हत्या और ट्रक लूटकर खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
थाना डेहलों के एसएचओ इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने गांव डेहलों के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नेम सिंह गाजियाबाद से स्क्रैप का ट्रक भर कर महानगर के लिए निकला था। जब वह स्क्रैप से भरा ट्रक लेकर गांव शंकरा पहुंचा तो आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी और ट्रक लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए वहीं फेंक दिया और ट्रक खुर्द बुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर कुलवंत ने बताया कि जब सूचना मिली तो वह गांव शंकरा पहुंचे। वहां खून से लथपथ नेम सिंह का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद सारी जांच की गई और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों पर आधारित एक बोर्ड ने नेम सिंह के शव का पोस्टमार्टम किया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई नहीं है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। हत्या आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।