थाना सदर पुलिस ने वाहनों पर जाली नंबर लगाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का धागा और ट्रक भी बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना सुरिंदर सिंह हांडा, हरजीत सिंह और सिंदरपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
एसीपी ट्रेनी हरकमल कौर ने कहा कि आरोपी हरजीत सिंह अपना ट्रक चलाता था। ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट कैरियर के मालिक बलराज शर्मा ने मध्यप्रदेश में धागा भेजने था।
उन्होंने कुछ महीने पहले हरजीत सिंह का ट्रक बुक किया और गिल गांव की ओर से धागा लोड करवा दिया। इसके बाद आरोपी गायब हो गए। आरोपियों ने रास्ते में सुरिंदर से मिल कर धागा चोरी कर लिया। जब बलराज ने मध्यप्रदेश पार्टी को फोन कर धागा पहुंचने के बारे में पूछा, तो उन्हें पता चला कि आरोपी वहां पहुंचे ही नहीं है।
उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कुछ दिन पहले आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। सोमवार को एएसआई धर्मेंद्र की अगवाई में पुलिस पार्टी ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनसे लाखों रुपये का धागा और ट्रक बरामद कर लिया।
ट्रक पर लगा रखा था जाली नंबर
एसीपी ट्रेनी हरकमल कौर ने कहा कि आरोपी हरजीत सिंह पहले एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था। चोरी का आरोप लगा कर ट्रांसपोर्ट मालिकों ने उसे निकाल दिया था।
इस दौरान आरोपी ने वहां के ट्रकों के आरसी और अन्य कागजात चोरी कर लिए थे। इसी दौरान आरोपी ने धागा उठाने से पहले उस पर जाली नंबर प्लेट लगा ली। पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ करने में जुटी हुई है।