लुधियाना का पीएयू ग्राउंड कल से संस्कृति, हस्तशिल्प और स्वाद के रंगों से सराबोर हो जाएगा। 4 से 13 अक्तूबर तक चलने वाले सरस मेला 2025 का शुभारंभ शनिवार सुबह पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा करेंगे। वहीं शाम को पर्यटन व सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद पहले स्टार नाइट का उद्घाटन करेंगे।
इस भव्य मेले में देशभर से आए करीब 1000 कारीगर अपने अनोखे हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियां और दुर्लभ हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि पूरे इंतजाम पुख्ता हैं और यह मेला लोगों को अविस्मरणीय अनुभव देगा।
स्टार नाइट्स में धमाल
हर शाम मशहूर कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। 4 अक्तूबर को गुरदास मान, 5 को कुलविंदर बिल्ला, 6 को बसंत कुर व परी पंधेर, 7 को कनवर ग्रेवाल व मनराज पातर, 8 को गुरनाम भुल्लर समेत कई कलाकार, 9 को दिलप्रीत- विक्की ढिल्लों, 10 को सतिंदर सरताज, 11 को रंजीत बावा, 12 को जोश ब्रार व गीतेज बिंदराखिया और 13 को गिप्पी ग्रेवाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
प्रतियोगिताएं और वर्कशॉप्स
दोपहर 3 से 6 बजे तक हर रोज विभिन्न प्रतियोगिताएं व वर्कशॉप्स होंगी। इनमें भंगड़ा-गिद्धा, पेंटिंग, पगड़ी बांधना, मिट्टी कला, बोतल पेंटिंग, मेहंदी, रंगोली, ओरिगामी और फोटोग्राफी जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
खास आकर्षण
4 अक्तूबर को नेत्रहीन बहनों भावना व पलक द्वारा गाया गीत रिलीज किया जाएगा, जिसे मशहूर गायक गुरदास मान पेश करेंगे।
बाढ़ राहत को जाएगी आय
डीसी जैन ने बताया कि मेले से प्राप्त समस्त आय हालिया बाढ़ प्रभावितों की सहायता में लगाई जाएगी। मीडिया प्रतिनिधियों को पहचान पत्र पर मेले के क्षेत्र में मुफ्त प्रवेश मिलेगा। लुधियाना व आसपास के लोग इस अनोखे उत्सव में बड़ी संख्या में शामिल होकर कला, संस्कृति और स्वाद का आनंद लें और राहत कार्य में योगदान दें।