जालंधर। दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर का पुतला जलाने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। चरण कौर ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से क्रिश्चियन ग्लोबल एक्शन कमेटी को 10 लाख रुपये का लीगल नोटिस जारी किया है। नोटिस में पूछा गया है कि किसके निर्देश पर उनका पुतला प्रदर्शन स्थल पर लाया गया और जलाने की कोशिश की गई।
चरण कौर ने 15 दिनों के भीतर बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने, इसे एक महीने तक अखबारों और सोशल मीडिया पर प्रकाशित करने और 10 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में माफी न मिलने पर बीएनएस की धारा 356 के तहत मामला दर्ज कराया जाएगा जिसमें दो वर्ष की सजा का प्रावधान है।
गौरतलब है कि 10 दिसंबर को डीसी दफ्तर के बाहर हुए प्रदर्शन में क्रिश्चियन समुदाय ने गलती से उनका पुतला जलाने की बात स्वीकार की थी लेकिन इस घटना से सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों में गहरा रोष है।