लुधियाना। शराब के ठेके पर काम करने वाले दो कारिंदों ने पैसा जमा कराने के बहाने वहां से करीब चार लाख रुपये की नकदी का गबन किया। जब ठेकेदार को पता चला तो उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। यह घटना पीपल चौक के 33 फुटा रोड इलाके में स्थित शराब के ठेके की है। यहां पर काम करने वाले दो कारिंदों ने 4 लाख रुपये का गबन कर लिया। पुलिस ने बस्ती जोधेवाल के गगनदीप कालोनी निवासी अशोक कुमार की शिकायत पर बचितर नगर निवासी आशु डंग और बब्बू बाजवा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी आशु डंग को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बब्बू अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। एएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि अशोक कुमार द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक दोनों आरोपी पीपल चौक के 33 फुटा रोड इलाके में स्थित उसके शराब के ठेके पर काम करते थे। ठेके में हुई सेल की नकदी जमा कराने का काम भी दोनों के जिम्मे था। मगर पिछले तीन माह के दौरान आरोपी ने साजिश के तहत नकदी कम जमा कराना शुरू कर दिया। कुछ दिन पहले हिसाब चेक करने के बाद उनकी करतूत पर पड़ा पर्दा हटा। रणजीत सिंह ने कहा कि आशु के कब्जे से एक स्कूटर बरामद किया गया है। फिलहाल उसके दूसरे साथी की तलाश है। एएसआई रंजीत सिंह ने बताया कि आरोपी आशु डंग से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।