आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के लुधियाना दौरे के दौरान गुरु नानक देव भवन के बाहर अकाली और आप वर्करों में हाथापाई हो गए।
अकाली वर्कर भवन के गेटों से अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे, जबकि पुलिस उनको रोक रही थी। इस धक्कामुक्की में आप वर्कर भी आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन पुलिस ने मौके को संभाल लिया। भाजपा ने भी केजरीवाल के खिलाफ डीसी को ज्ञापन दिया और मालेरकोटला मामले की गहन छानबीन की मांग की।
केजरीवाल आप के ट्रेड, ट्रांसपोर्ट एवं इंडस्ट्री विंग की बैठक में हिस्सा लेने के लिए गुरु नानक देव भवन पहुंचे थे। उद्यमियों और व्यापारियों से सुझाव लेकर उसके आधार पर पार्टी का घोषणा पत्र तैयार करना इस समारोह का मकसद था, लेकिन मालेरकोटला मामले में आप विधायक पर मामला दर्ज होने को लेकर सभी नाराज थे।
सुबह से ही शिअद, यूथ अकाली दल, मुस्लिम विंग और स्त्री विंग के कार्यकर्ता गुरु नानक देव भवन के बाहर जमा होना शुरू हो गए। वर्कर भवन के दोनों गेटों के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। अकाली वर्करों को रोकने के लिए काफी पुलिस फोर्स तैयार की गई थी। बावजूद इसके वर्कर धक्का मुक्की करके गेट पार कर गए।
पहले गेट पर रोकने में जब पुलिस नाकाम हुई तो आप के वालंटियरों ने अकालियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान काफी धक्का मुक्की हुई। पुलिस ने आकर अकाली वर्करों को फिर से गेट के बाहर कर दिया। अकाली दल के प्रदर्शन में विधायक रंजीत सिंह ढिल्लों, जिला प्रधान मदन लाल बग्गा, तरसेम सिंह भिंडर, गुरप्रीत सिंह बब्बल समेत कई नेता मौजूद रहे।