योजना को अंतिम रूप देने वाला आरोपी सन्नी दो दिन के पुलिस रिमांड पर, फरार लाडी की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी साबा और जोत को शनिवार दोबारा किया जाएगा अदालत में पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। शिवसेना नेता गोरा थापर पर हमला करने की योजना काफी समय पहले ही बना ली गई थी। बस मौका देखा जा रहा था कि शिवसेना नेता गोरा थापर को किस समय टारगेट किया जा सके। यह योजना निहंगों की छावनी में बनाई गई थी। जहां सभी इकट्ठा होते थे। शिवसेना नेता की कट्टरपंथियों के खिलाफ बयानबाजी के कारण चारों आरोपी काफी नाराज थे और उन्होंने निहंगों की छावनी में इकट्ठा होने के दौरान चर्चा की। वहां सन्नी ने गोरा थापर को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली जिसके लिए आरोपी साबा, जोत और लाडी भी राजी हो गए।
योजना के मुताबिक, सन्नी को पीछे रहना था ताकि तीनों वारदात को अंजाम देकर सीधे उसके पास आएं या फिर निहंगों की छावनी में ही इकट्ठा होंगे। आरोपी साबा और जोत निहंगों की छावनी में जाते समय गिरफ्तार हो गए, जबकि लाडी सन्नी के पास चला गया और वहां से आगे फरार हो गया। आरोपी सन्नी अभी दो दिन के पुलिस रिमांड पर है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
शिवसेना नेता गोरा थापर पर हमला करने का मास्टरमाइंड आरोपी जसविंदर सिंह उर्फ सन्नी काफी शातिर बताया जाता है और कमिश्नरेट पुलिस के सीनियर अधिकारी लगातार उससे पूछताछ करने में जुटे हैं। पुलिस की टीम आरोपी सन्नी के घर पर भी छानबीन करेगी और वहां से भी सबूत जुटाएगी कि वह किन-किन लोगों के संपर्क में था और किन एजेंसियों के लिए काम करता था या नहीं। पुलिस ने आरोपी सन्नी के फोन को भी कब्जे में ले लिया है जिसकी जांच कराने की तैयारी की जा रही है कि उसकी किन लोगों से बात होती थी। वारदात से पहले या फिर बाद में आरोपियों से सन्नी की कितनी बार बात हुई इस बारे में भी जांच की जाएगी।
सूत्र बताते है कि जब तीनों को आमने-सामने बैठाया जाएगा तब कई राज खुलने की संभावना है। आरोपियों को लाडी के बारे में काफी जानकारी है। इसे निकलवाने के लिए पुलिस कई थ्योरियों पर काम करने में जुटी है। सन्नी का पिछला रिकाॅर्ड भी खंगाला जा रहा है।
लाडी की तलाश में दी जा रही दबिश
एडीसीपी क्राइम अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि आरोपी निहंगों की छावनी में ही इकट्ठा हुए थे और वहीं से आरोपियों ने गोरा थापर को टारगेट करने की योजना बनाई थी। पुलिस फरार आरोपी लाडी की तलाश में जुटी है। लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों से भी पूछताछ लगातार जारी है। कई राज खुलने की संभावना है।