संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। घंटाघर के पास स्थित होटल के कमरे में मृत मिले व्यापारी राहुल जैन की मौत अधिक नशा करने की वजह से हुई थी। थाना कोतवाली की पुलिस ने पत्नी ज्योति जैन की शिकायत पर पुलिस ने राहुल के दोस्त फिल्लौर के प्रतापपुरा निवासी संदीप सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएचओ सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह ने बताया कि व्यापारी राहुल जैन अपने दोस्त के साथ होटल गया था। होटल का कमरा उसके दोस्त संदीप के नाम पर बुक हुआ था। 16 फरवरी की रात को दोनों ने नशा किया। दोनों ने नशा अधिक मात्रा में कर लिया और दोनों बेहोश हो गए।
अगले दिन सुबह संदीप को तो होश आ गया, लेकिन राहुल को होश नहीं आया। संदीप ने राहुल को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह बेहोश था। संदीप ने सोचा कि दोनों ने नशा ज्यादा कर लिया है जिस कारण अभी राहुल को होश नहीं आ रहा और वह वहां से चला गया और जाते हुए होटल वालों को बोला कि उसका दोस्त अभी सो रहा है। जब नींद से जाग जाएगा तो चला जाएगा।
सारा दिन बीतने के बाद भी राहुल नहीं जागा और अगले दिन वह मृत मिला। एसआई हरजीत ने बताया कि संदीप के मुताबिक उसे नहीं पता था कि राहुल की मौत हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने में जुटी है कि वह नशा किस व्यक्ति से लाए थे।
उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद राहुल जैन का शव परिजनों को दे दिया है। पुलिस के मुताबिक राहुल का विसरा जांच के लिए भेजा गया है और उसके अलावा अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो पाया है।