संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। थाना सिटी रायकोट और दाखा की पुलिस ने विदेश भेजने और जमीन के सौदे में धोखाधड़ी के दो मुकदमे दर्ज किए हैं। थाना दाखा की पुलिस ने व्यवसायी विक्रम जिंदल निवासी राजगुरु नगर लुधियाना की शिकायत पर दाखा की किसान दंपती के खिलाफ जमीन के सौदे में 20 लाख रुपये की ठगी मामले में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कानूनी नोटिस भेजा जा रहा है। मुकदमे के जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि विक्रम जिंदल ने दाखा के किसान बूटा सिंह और उनकी पत्नी के नाम 1 एकड़ 22 बिस्वा जमीन खरीद करने का सौदा किया था। इसके लिए 20 फरवरी, 2024 को लिखित एग्रीमेंट के जरिये बूटा सिंह आदि ने विक्रम जिंदल से 20 लाख रुपये बतौर पेशगी रकम हासिल कर लिए थे। रिकॉर्ड की जांच के दौरान पता चला कि बूटा सिंह आदि ने उक्त जमीन में से 6 कनाल 2-1/3 मरले जमीन किसी सोनू कुमार को 12 जनवरी 2024 में ही बेच बाकायदा रजिस्ट्री करवा दी थी। आरोपी बूटा सिंह और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, थाना रायकोट सिटी के सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि रायकोट के गांव झोरडां निवासी ट्रैवल एजेंट गुरजीत सिंह के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और करीब साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए नोटिस भेजा जा रहा है। कानूनी प्रकिया पूरी होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शिकायतकर्ता पीड़ित गुरमुख सिंह निवासी गांव मठंडा खुर्द तहसील फिल्लौर (जालंधर) ने बताया कि वो मेहनत मजदूरी का काम डेंटिंग पेंटिंग करता है। उसके दोस्त राकेश कुमार की ट्रैवल एजेंट गुरजीत सिंह के पहचान थी। राकेश कुमार कनाडा रहता है और मुझे भी बेहतर भविष्य के लिए अपने पास वर्क परमिट के जरिये बुलाना चाहता था। राकेश ने बताया कि गुरजीत विदेश भेजने के लिए सभी कागजात बनवा देगा। गुरमुख सिंह के अनुसार कागजात की फाइल बनाने के लिये गुरजीत सिंह के साथ 5.34 लाख रुपये में बात तय हो गई। गुरजीत सिंह के बनाए कागजात और प्रमाण पत्र फर्जी निकले।