लुधियाना। फिरोजपुर रोड स्थित आंसल प्लाजा के पास उस समय अफरातफरी मच गई जब एक प्राइवेट कंपनी की बस की ब्रेक फेल हो गई और बेकाबू बस सीधे नए पुल के पिल्लर में जा टकराई। इस हादसे में अंदर बैठी करीब छह सवारियां घायल हो गईं, जबकि ड्राइवर बाल बाल बच गया। घायलों में तीन महिलाएं शामिल हैं। आसपास के लोगों ने घायलों को तुरंत बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस को फोन किया।
इसके बाद घायलों को इलाज के लिए पास के निजी अस्पताल दाखिल कराया। घायलों की पहचान नीलम, हरदीप, तमन्ना और सोहन लाल के रूप में हुई है, जबकि बाकी दो की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन आठ की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना था कि कोई घायल नहीं हुई है, जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर के समय जगरांव की तरफ से एक प्राइवेट कंपनी की बस सवारियां लेकर बस स्टैंड लुधियाना जा रही थी।
इसी दौरान रास्ते में आंसल प्लाजा के पास बस की ब्रेक फेल हो गई, जिसके बाद बस बेकाबू हो गई। बस चालक ने राहगीरों को बचाने के लिए बस को पिल्लर की तरफ मोड़ दिया जिससे बस नए पुल के पिल्लर में जा टकराई। बस के टकराने से बस में बैठी सवारियों को झटके लगे और अंदर ही छह के करीब लोग घायल हो गए। बस के पिल्लर से टकराने के बाद आसपास के लोगों ने बस में सवार लोगों को तुरंत बाहर निकालना शुरू कर दिया।
जो लोग ठीक थे वह खुद ही उतर गए और वहां से कुछ समय बाद चले गए। थाना डिवीजन आठ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर कुलबीर सिंह ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। बाकी मामले की जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में यही सामने आया है कि बस की ब्रेक फेल हुई थी तो हादसा हुआ।