पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बीबी राजिंदर कौर भट्ठल का कहना है कि आम आदमी पार्टी आम आदमी को और अकाली दल पंथ के नाम पर जनता को गुमराह कर रहा है। देश की एकता, अमन, शांति और विकास पर केवल कांग्रेस ही खरा उतर सकती है। बीबी भट्ठल मंगलवार को सैनी भवन में विधायक राकेश पांडे के पिता और पूर्व मंत्री जोगिंदर पाल पांडे की बरसी समागम में बोल रही थीं। समारोह में भट्ठल के अलावा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया समेत कई नेताओं ने पांडे को श्रद्धांजलि दी।
भट्ठल ने दावा किया कि दिल्ली की केजरीवाल और केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। दिल्ली में लोग केजरीवाल पर स्याही फेंक रहे हैं, इसलिए अब वे पंजाब का रुख कर रहे हैं, लेकिन पंजाब में उनकी दाल गलने वाली नहीं है। पिछले नौ साल से सत्ता पर काबिज अकाली भाजपा गठबंधन की सरकार ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है। भट्ठल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाहौर में जाकर चाय पी रहे हैं, जबकि पाक से आतंकी पठानकोट तक आकर एयरफोर्स के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।
सूबा सरकार केंद्र में कमियां निकाल रही है, जबकि केंद्र सरकार दावा करती है कि उन्होंने वक्त पर संकेत दे दिए थे, ऐसे में दोनों सरकारें जिम्मेदारी लेने से बच रही हैं और आम आदमी व जवान आतंक का शिकार हो रहे हैं। भट्ठल ने कहा कि केजरीवाल हरियाणा के हैं, दिल्ली के सीएम हैं, लेकिन पंजाब आते वक्त पठानकोट हमले में शहीद हुए अंबाला के जवान के परिजनों से मिलना भूल गए। उनके पास आम आदमी के लिए वक्त नहीं है। बिट्टू ने भी आम आदमी पार्टी और सूबे की मौजूदा गठबंधन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। बिट्टू ने कहा कि दीनानगर और पठानकोट हमले के बाद अब लुधियाना में आरएसएस कार्यकर्ताओं पर गोलियां चलाने की घटना से साफ है कि सूबे में आतंकवाद पैर पसार रहा है। उन्होंने कहा कि इसे रोकने के लिए सरकारों को जिम्मेदारी से काम करना होगा।