लुधियाना। चेक बाउंस के एक मामले में दूसरे पक्ष को गैर जमानती वारंट भेजने की एवज में 1500 रुपये रिश्वत लेने वाले पंजाब पुलिस के एक एएसआई को विजिलेंस की टीम ने थाने से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने सिविल लाइंस स्थित न्यू कुंदनपुरी इलाके में रहने वाले राहुल कुमार की शिकायत पर थाना डिविजन आठ में तैनात एएसआई तरसेम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को सुबह अदालत में पेश करेगी। विजिलेंस की टीम आरोपी एएसआई से पूछताछ करने में जुटी है।
एसएसपी विजिलेंस रुपिंदर सिंह ने बताया कि राहुल कुमार का रजत राणा नाम के व्यक्ति के साथ चेक बाउंस मामले में केस चल रहा है। अदालत ने रजत राणा के गैर जमानती वारंट जारी किए थे। इस संबंध में थाना डिविजन आठ की पुलिस को समन तमील कराने के आदेश थे। जब थाने से राहुल ने बुधवार को पता किया तो मुंशी ने बताया कि एएसआई तरसेम सिंह के पास समन तमील कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बाद राहुल ने तरसेम सिंह से मुलाकात की। एएसआई तरसेम सिंह ने दो हजार रुपये की मांग की और कहा कि रुपये मिलने के बाद ही वह समन रजत राणा तक पहुंचाएगा। किसी तरह से तरसेम सिंह 1500 रुपये में मान गया। इसके बाद राहुल ने इसकी शिकायत विजिलेंस की टीम को दी। जिसके बाद विजिलेंस ने वीरवार आरोपी एएसआई तरसेम सिंह को रिश्वत के पैसे लेते हुए काबू कर लिया।