लुधियाना। यूथ अकाली दल के नेताओं ने शनिवार को डीसी कांप्लेक्स के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान यूथ नेताओं ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। साथ ही केंद्र सरकार से कृषि कानून वापस लेने की मांग करते हुए प्रदेश का माहौल खराब करने के लिए कांग्रेस और भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।
यूथ अकाली दल जिला प्रधान गुरदीप सिंह गोशा ने कहा कि किसान भीषण ठंड में दिल्ली की सीमाओं पर बैठे हैं। केंद्र सरकार बैठकें कर तारीख पर तारीख दे रही है। केंद्र सरकार अपनी जिद्द पर अड़ी है। दूसरी तरफ पंजाब का माहौल खराब करने के लिए कांग्रेस और भाजपा नेता बयान दे रहे हैं। इससे आम लोगों में डर का माहौल बन चुका है। भाजपा के धरना-प्रदर्शन को लेकर सरकार सुरक्षा दे रही है। इस सुरक्षा के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है। पुलिस धरनास्थल के आसपास के एरिया को पूरी तरह से सील कर दे रही है, इस कारण कारोबारियों का काम ठप हो रहा है।
कैप्टन सरकार अब किसानों के खिलाफ मामला दर्ज करना शुरू कर चुकी है। इससे साफ है कि कांग्रेस सरकार भी केंद्र सरकार से मिल चुकी है। कैप्टन सरकार को चाहिए कि वह भाजपा के धरने प्रदर्शन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाए और भड़काऊ बयान देने वाले नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें, चाहे वह किसी भी पार्टी का क्यों न हो। इस मौके पर गगनदीप सिंह ग्यासपुरा, हरमनप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह, अमन सैनी, दीपू घई, काला घई, करण, रतन, प्रभजीत सिंह, इंद्रदीप सिंह, सरबप्रीत सिंह, जगजोत सिंह, मन्नी खैरा, करनवीर सिंह, मनप्रीत सिंह, अमन सिंह गगनदीप सिंह मौजूद थे।