लुधियाना। पंजाबी गायक करण औजला के सेंट्रल जेल पहुंचने के मामले में एडीजीपी प्रवीण सिन्हा ने जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। लाव लश्कर के साथ सेंट्रल जेल पहुुंचे गायक करण औजला ने वीरवार को जेल नियमों की उल्लंघना की और कोविड 19 के आदेशों की धज्जियां उड़ाईं। इस दौरान औजला करीब एक घंटा सुपरिंटेंडेंट के कमरे में बैठा रहा। साथ आए लोगों के हाथ में मोबाइल था, जबकि जेल नियमों के मुताबिक कोई बाहरी व्यक्ति अगर जेल सुपरिंटेंडेंट के कमरे तक जाता है तो उसे मोबाइल अंदर ले जाने की आज्ञा नहीं है।
सूत्रों के मुताबिक गायक करण औजला तस्करी के आरोप में बंद गुरदीप सिंह राणों से मिलने आया था, जिसकी कई लोकेशन पर करण औजला ने शूटिंग की है। जेल सुपरिंटेंडेंट राजीव अरोड़ा का कहना है कि उनके करण के साथ पारिवारिक संबंध हैं। वह उनसे मिलने आया था। जब इस बात की खबर पंजाब के अधिकारियों तक पहुंची तो उन्होंने तुरंत जांच के आदेश जारी कर दिए।
ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल में वीरवार की दोपहर को सरपट भागती लग्जरी गाड़ियां जेल परिसर के अंदर घुसी। आगे पायलट और पीछे लाव लश्कर के साथ लग्जरी गाड़ियां जब अंदर दाखिल हुईं तो उसमें से पंजाबी गायक करण औजला बाहर निकले। वहां मौजूद लोगों को पता चला तो वे सेल्फी खींचने आगे आए। उसके बाद बिना चेकिंग और बिना मोबाइल फोन बाहर रखे गायक करण औजला करीब एक घंटे तक जेल में स्थित जेल सुपरिंटेंडेंट के दफ्तर में बैठे रहे, उसके बाद वहां से चल दिए।
क्या कहते हैं एडीजीपी प्रवीण सिन्हा
एडीजीपी प्रवीण सिन्हा ने कहा कि उन्हें इस मामले का पता चल चुका है। कोविड 19 की आदेशों और जेल सुरक्षा नियमों की उल्लघंना काफी गंभीर मामला है। इसके अलावा तस्करी के आरोप में बंद गुरदीप सिंह राणों के साथ मुलाकात की चर्चा भी उन्हें पता चली है। उन्होंने डीआईजी जेल सुरिंदर सैणी को जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्हें जल्द ही पूरे मामले की रिपोर्ट देने को कहा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते हैं जेल सुपरिंटेंडेंट राजीव अरोड़ा
जेल सुपरिटेंडेट राजीव अरोड़ा ने बताया कि करण औजला उनके बेटे का अच्छा दोस्त है। वह अक्सर उनके घर आता जाता रहता है। वीरवार को भी गायक करण औजला ने घर लंच पर आना था। घर पर अभी तैयारी चल रही थी तो वह उनसे मिलने जेल स्थित उनके दफ्तर पहुंच गया। इसके बाद वह घर गए और खाना खाने के बाद करण औजला वहीं से चला गया।