होटल बुक करवाने के लिए असली आईडी दी या नकली, जांच में जुटी पुलिस
होटल में कमरा बुक करवाने के लिए व्यक्ति को अपना पहचान पत्र दाखिल कराना पड़ता है। जांच की जा रही है कि आरोपी गगनदीप सिंह ने अपने साथ आई महिला के साथ जब कमरा बुक करवाया तो आईडी प्रूफ असली जमा करवाई थी या नकली। इसकी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार होटल की सीसीटीवी फुटेज चेक करने के बाद जांच एजेंसियों ने होटल के कुछ कर्मचारियों को संदिग्ध मान कर जांच शुरू कर दी है। यह भी कहा जा रहा है कि पुलिस के साथ-साथ जांच एजेंसियों ने गगनदीप सिंह के कुछ दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
विस्फोटक कहां से आया, जांच में जुटी एजेंसियां
एजेंसियां यह पता करने में जुटी हैं कि धमाके के लिए विस्फोटक कौन सा इस्तेमाल किया गया था और वह कहां से आया था।। सूत्रों के अनुसार काफी साल पहले मृतक आरोपी गगनदीप सिंह थाना माछीवाड़ा में तैनात था। कुछ साल पहले वहां पुलिस ने आरडीएक्स बरामद किया था। यह भी जांच की जा रही है कहीं गगनदीप सिंह ने वहां से तो विस्फोटक नहीं चुराया।
पंजाब और केंद्र की जांच एजेंसियां यह भी जांच करने में जुटी हैं कि बर्खास्त होने के बाद जब गगनदीप सिंह जमानत पर बाहर आया तो तीन महीने में वह किस व्यक्ति से मिला। वह कहां जाता था और किससे मिलता था। इसके अलावा वह फोन किसे करता था। पुलिस महिला कांस्टेबल से तो पूछताछ कर ही रही है और साथ में परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ चल रही है।