लुधियाना। हरियाणा के हिसार स्थित शिव नगर इलाके में वृद्ध महिला की बालियां झपटने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को हिसार पुलिस जब रिकवरी के लिए लुधियाना लाई तो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी का काफी दूर तक पीछा किया गया। लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया। जिसके बाद थाना मेहरबान की पुलिस ने एचटीएम थाना हिसार के एएसआई अनिल कुमार की शिकायत पर मुल्लांपुर दाखा निवासी अरुण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
अपने बयान में उसने बताया कि थाना एचटीएम पुलिस ने 11 मई को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके अगले दिन उसे गिरफ्तार कर लिया था। 13 मई को अदालत में पेश करके रिकवरी के लिए उसका दो दिन का रिमांड हासिल किया था। 14 मई को वह पुलिस पार्टी के साथ उसे लेकर लुधियाना के शेरपुर स्थित मेन मार्केट इलाके में पहुंचा। उस दिन आरोपी को दस्त लगे हुए थे और वो बार-बार टायलेट जा रहा था। जब तीसरी बार अनिल कुमार और हवलदार लखविंदर सिंह आरोपी को पब्लिक टायलेट लेकर गए तो उसे अंदर भेजने के बाद दोनों बाहर खड़े होकर उसका इंतजार करने लगे। बाहर निकलते ही आरोपी ने उन दोनों को धक्का दिया और दीवार फांदकर फरार हो गया।
अनिल कुमार ने बताया कि 11 मई के दिन आरोपी ने हिसार के शिव नगर इलाके में 92 वर्षीय वृद्ध महिला के कान की सोने की बालियां झपटी थीं। गिरफ्तारी के बाद उसने बताया कि उसी दिन आरोपी लुधियाना के शेरपुर इलाके में आकर एक सुनार को दोनों बालियां बेच गया था। बालियां बेचने के बाद वह वापस हिसार पहुंच गया। जहां अगले ही दिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं हिसार से आए एएसआई राजेश कुमार से जब फरार हुए आरोपी का फोटो मेहरबान पुलिस ने मांगा तो उनका कहना था कि उसका फोटो नहीं है।
जब उनसे कहा गया कि बिना फोटो थाना मेहरबान नगर पुलिस उसे कैसे पकड़ेगी तो उनका जवाब था कि उसे हरियाणा पुलिस खुद ही पकड़ लेगी। हैरानी में जब यह पूछा गया कि फिर लुधियाना पुलिस ने केस सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए दर्ज किया है तो उनका कहना था कि वो बहुत व्यस्त हैं और बाद में बात करेंगे।