फैक्टरी में पिता को खाना देकर मंगलवार दोपहर वापस आ रहे दस साल के श्रवण को तेज रफ्तार कार ने ने रौंद दिया।
कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि बच्चे को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई। इससे श्रवण कुमार बुरी तरह घायल हो गया।
आरोपी ड्राइवर गाड़ी रोकने की बजाय फरार होने की फिराक में था। बच्चे की साइकिल गाड़ी के अगले टायरों में फंस गई। लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी ने गाड़ी रोकी और गाड़ी से निकल कर फरार हो गया। एक्टिवा सवार एक युवक ने हादसा देखकर शोर मचाया। कार सवार एक युवक को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। सूचना मिलते ही थाना फोकल प्वाइंट और चौकी शेरपुर की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल श्रवण कुमार को सतगुरु प्रताप सिंह अस्पताल में दाखिल कराया। वहां कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई। बच्चे के परिजनों को उस समय पता चला जब श्रवण के घर न पहुंचने पर वह गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने चौकी शेरपुर गए। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। एक युवक उनकी हिरासत में है लेकिन आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो चुका था। फिलहाल ड्राइवर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।