-किसान जत्थे का कहना जगजीत सिंह डल्लेवाल से पहले वह अपनी शहादत देंगे
खनौरी से विशाल पाठक
खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन-2 की हलचल एक बार फिर तेज हो गई हैं। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को मरण अनशन करते हुए बुधवार को 51वाँ दिन हो गया है। डल्लेवाल की बिगड़ती सेहत को देखते 111 किसानों का जत्था बुधवार को खनौरी बॉर्डर पर कंटीली तारें लांघ कर हरियाणा की हद में मरण अनशन111 पर बैठ गए हैं। इससे पहले सुबह 10.30 बजे डीएसपी नरवाना अमित भाटिया ने बॉर्डर पर ही एक प्राइवेट गेस्ट हाउस में किसान नेता काका सिंह कोटड़ा के साथ बैठक की।दरअसल 111 किसानों का जत्था हरियाणा पुलिस की सीमेंट बेरीकेडिंग के पास बैठकर मरण अनशन की मांग कर रहे थे, जिससे डीएसपी अमित भाटिया ने इनकार कर दिया और वह मीटिंग से उठकर चले गए।
डीएसपी का कहना बिना अनुमति हरियाणा की हद में बैठे किसान :-
111 किसानों का जत्था करीब दोपहर ढाई बजे खनौरी बॉर्डर पर हरियाणा की हद में जाकर मरण अनशन पर बैठा। हरियाणा पुलिस के डीएसपी अमित भाटिया ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि किसान बिना अनुमति कंटीली तारें लांघ कर हरियाणा की हद में बैठे हैं। डीएसपी ने कहा कि उन्होंने किसान नेताओं को यह सूचित कर दिया है कि इधर हरियाणा की हद में धारा 163 लागू है।
बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस और आरएएफ तैनात:-
खनोरी बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस के 300 से अधिक जवान और अर्ध सैनिक बल का रैपिड एक्शन फोर्स तैनात किया गया है। रैपिड एक्शन फोर्स के अलग से 300 से अधिक जवान हरियाणा पुलिस के पीछे विशेष बल के रूप में तैनात किए गए हैं। डीएसपी अमित भाटिया ने कहा कि जिस जगह पर अब 111 किसानों का जत्था मरण अनशन पर बैठा है,वह उधर भी पक्का मोर्चा लगाने की मांग कर रहे, उन्हें ऐसा करने से स्पष्ट रूप से मना कर दिया गया है, क्योंकि हरियाणा के इस क्षेत्र में धारा163 लागू है। डीएसपी ने यहां तक कहा कि किसानों का मामला सुप्रीमकोर्ट में विचाराधीन है, उसके बावजूद किसान उल्लंघन कर हरियाणा की हद में घुस रहे हैं।
ये मरण अनशन भी रहेगा जारी - कोटड़ा
बीकेयू सिद्धूपुर के महासचिव और खनौरी मोर्चे का नेतृत्व कर रहे किसान नेता काका सिंह कोटड़ा ने कहा कि यह मरण अनशन भी अब मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा। मरण अनशन में बैठे सभी 111 किसानों का उन्होंने रिकॉर्ड बनाया है और सबकी फोटो रखी है। काका सिंह कोटड़ा ने कहा कि पिछली बार भी देखने को मिला था कि हरियाणा पुलिस पंजाब की हद में घुसकर पंजाब के किसानों को उठाकर ले गई थी और उन्हें अपनी कस्टडी में रखा था। कोटड़ा ने एक सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि यह मरण अनशन किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की मंजूरी के बाद ही किया जा रहा है।