पंजाब के लुधियाना में आम आदमी पार्टी के नेता को अज्ञात लोगों ने अगवा कर लिया। करीब ढाई घंटे तक उसे बंधक बनाकर रखा। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की और राजनीति छोड़ने की धमकी भी दी।
पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के कार्यकाल में लॉ एंड आर्डर को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्षी नेताओं को कानून व्यवस्था ठीक होने का दावा करने वाले आप के जिला यूथ प्रधान सोनू कल्याण को ही अज्ञात लोगों ने जबरदस्ती अगवा कर लिया और उसे गाड़ी में बिठाकर करीब ढाई घंटे तक बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
सोनू कल्याण ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावर उसे जबरदस्ती एक समारोह में ले गए और वहां झूठे गिलास में शराब पिलाई। किसी तरह से खुद को छुड़वाकर सोनू ने इसकी शिकायत थाना हैबोवाल पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोनू कल्याण ने कहा कि 10 अक्तूबर की रात वह अपने पार्टी आफिस के बाहर किसी निजी काम से जाने के लिए एक दोस्त का इंतजार कर रहा था। तभी वहां 25 से 30 युवक आए। उन लोगों आते ही पिस्तौल तान दी। गाली-गलौज करते हुए उन लोगों ने उसे कार में जबरन बिठाया। वह लोग उसे किसी समारोह में जबरदस्ती ले गए।
विज्ञापन
सोनू कल्याणा ने कहा कि आरोपियों ने उसकी जांघ पर पिस्तौल रखकर कहा कि जो वह कहेंगे समारोह में वही बोलना पड़ेगा। वहां पर उन लोगों ने उसे झूठे गिलास में शराब पिलाई। उन लोगों ने सिर पर पिस्तौल के बट भी मारे। सोनू कल्याण ने कहा कि उन लोगों ने उसे कहा कि राजनीति से दूर हो जाए।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
जब इस मामले में थाना हैबोवाल के इंचार्ज इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ग्रेवाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके पास अभी तक सिर्फ शिकायत आई है। वह बार-बार सोनू कल्याण से बयान दर्ज कराने को बोल चुके हैं, लेकिन वह अभी तक नहीं आया। वह बयान दर्ज कराएगा तो कार्रवाई आगे बढ़ेगी। फिलहाल पुलिस अपने तौर पर उक्त इलाकों की सीसीटीवी फुटेज चेक करने में जुटी है। जल्द ही सारे मामले से पर्दा हटा दिया जाएगा।