हलवारा। रायकोट में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पंकज परुथी (37) की बस के नीचे कुचले जाने से मौत हो गई। पंकज लुधियाना से निजी बस में रायकोट बस अड्डे पर उतरे थे। बस से उतरते समय पीछे खड़े पंकज को चालक बस बैक करते समय टायर के नीचे कुचल गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले रायकोट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर उन्हें लुधियाना डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया। आज इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई। उनका शव सिविल अस्पताल लुधियाना में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। रायकोट पुलिस ने दशमेश ट्रांसपोर्ट कंपनी के ड्राइवर जसवीर सिंह (बिंजल निवासी) के खिलाफ लापरवाही और हत्या के प्रयास के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ड्राइवर वर्तमान में फरार है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और जल्द उसे गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। पंकज लुधियाना के बैंक में लोन विभाग के अधिकारी थे और रोजाना की तरह बस से रायकोट आते थे। यह हादसा चालक की लापरवाही का परिणाम बताया जा रहा है। संवाद