अमृतसर। विधायक दलबीर सिंह टौंग ने बताया कि पंजाब सरकार जरूरतमंदों के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्ग के परिवारों को उनके घरों के पास ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। शनिवार को बाबा बकाला में आयोजित कार्यक्रम में टौंग ने आवास योजना के तहत 31 परिवारों को कुल 77 लाख 50 हजार रुपये वितरित किए। इस राशि से परिवार अपने सपनों का पक्का घर बना सकेंगे। विधायक ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और लोगों को योजना के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इस हाउसिंग स्कीम के तहत परिवारों को 2.5 लाख रुपये की राशि दी जाती है, जिससे वे अपने घर में छत, कमरे, किचन और बाथरूम बना सकें। टौंग ने लोगों से अपील की कि वे जल्द से जल्द फार्म भरें और योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कमजोर वर्ग को मजबूत बनाना और उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ब्यूरो