पंजाब के फिरोजपुर में बम मिलने से हड़कंप मच गया। मामला मंडी हजूर सिंह वाली स्थित श्मशान घाट का है। यहां पर जमीन खुदाई का कार्य चल रहा था। बम की सूचना पुलिस को दी गई तो डीएसपी जसवीर सिंह पन्नू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने बम निरोधक दस्ते को सूचना दी।
डीएसपी ने बताया कि मंडी हजूर सिंह वाली के श्मशान घाट की नई दीवार बनाने का कार्य चल रहा है। इस दौरान जब मजदूर जमीन की खुदाई कर रहे थे तो जमीन से एक ठोस वस्तु मिली, जो उन्हें बमनुमा लगी। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना गांव के सरपंच को दी और सरपंच ने उन्हें इस बारे में सूचित किया।
फिलहाल बम को सुरक्षित जगह पर रखवाकर उसके आसपास मिट्टी से भरे गट्टे लगवा दिए गए हैं और पुलिस बल को वहां तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा बठिंडा की बम निरोधक टीम को भी इसकी सूचना दे दी गई है, उनके यहां पहुंचने पर बम को नष्ट करवाया जाएगा।