जगरांव (लुधियाना)। पति और परिवार के साथ 27 साल कनाडा में रहने के बाद अपने गांव लौटी एनआरआई महिला की कोठी पर देवरानी ने ही कब्जा कर लिया और कोठी में पड़ा सारा सामान भी गायब कर दिया। महिला की शिकायत पर एनआरआई थाने की पुलिस ने देवरानी और उसके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में एनआरआई चरनजीत कौर पत्नी हरभजन सिंह निवासी राओवाल ने कहा कि वह अपने पति व परिवार के साथ पिछले 27 साल से कनाडा में रह रही है। राओवाल में उसके पति और उनके दिवंगत भाई सुखमिंदर सिंह एक ही मकान में दो अलग-अलग हिस्सों में रहते हैं। एक हिस्से में उनका सामान पड़ा है और दूसरे में देवरानी व उसका बेटा रहते हैं। एनआरआई चरनजीत कौर के अनुसार वह गत दिनों कनाडा से अकेली गांव लौटी तो उसे उसके ही घर में घुसने नहीं दिया गया। देवरानी और उसके बेटे ने उनके घर पर कब्जा करके घर में रखा सारा सामान गायब कर दिया। इस पर उसने कनाडा से अपने पति को सूचित किया। जिस पर उसके पति हरभजन सिंह भी कनाडा से गांव आ गए, बातचीत करने पर भी देवरानी व पुत्र ने मकान न छोड़ा। इस मामले में थाना एनआरआई की पुलिस ने एनआरआई महिला की शिकायत पर गुरप्रीत कौर पत्नी सुखमिंदर सिंह और उसके बेटे तेजपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। केस के जांच अधिकारी एएसआई रमिंदरजीत सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।