मानसा। 31 दिसंबर की रात एक व्यक्ति ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों को पीटकर घर से निकाल दिया। दो साल पहले भी उसने इन लड़कियों को गांव की नहर में फेंक दिया था, जिनको गांव वासियों ने बचा लिया था। व्यक्ति की इस करतूत को लेकर गांव धर्मपुरा की पंचायत ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। गांव धर्मपुरा के सरपंच ज्ञान सिंह ने कहा कि इसके लिए पुलिस को शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि कोई संस्था इन बच्चियों को रख ले तो ठीक है, नहीं तो यह व्यक्ति कुछ भी कर सकता है।
बरेटा के धर्मपुरा निवासी रामफल सिंह की तीन बेटियां हैं। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी उससे तंग आकर अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई। 31 दिसंबर को अपने ससुराल जाकर रामफल अपनी तीन नाबालिग बेटियों प्रियंका (8), प्रीति (7) और नीतू (6) को अपने साथ अपने गांव धर्मपुरा ले आया। रात को रामफल ने अपनी तीनों बेटियों की मारपीट की। डर की वजह से लड़कियों ने किसी के घर बैठकर अपनी जान बचाई। सुबह जब यह बात गांव की पंचायत के पास पहुंची तो पंचायत ने इस बारे बरेटा पुलिस को शिकायत दी। रामफल सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। इस व्यक्ति ने शराब के नशे में अक्तूबर 2010 में अपनी इन तीनों बेटियों को नहर में फेंक दिया था। तब उनको गांववासियों द्वारा निकाल लिया गया था। थाना बरेटा के अनूप सिंह ने कहा कि यह मामला समझा बुझाकर निपटा दिया जाएगा।