लुधियाना। एक दिसंबर से शुरू होने वाले तीसरे वर्ल्ड कबड्डी कप के लिए महिला टीम के ट्रायल एक बार फिर स्थगित करने से ट्रायल देने पहुंचे खिलाड़ी काफी परेशान हुए। पंजाब कबड्डी एसोसिएशन की ओर से अब यह ट्रायल 19 नवंबर को लुधियाना में करवाए जाएंगे। तालमेल की कमी के चलते खिलाड़ियों को समय पर जानकारी न मिलने के चलते शुक्रवार को विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी बिना ट्रायल दिए वापस लौटना पड़ा।
तीसरा वर्ल्ड कबड्डी कप एक दिसंबर से 15 दिसबंर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसकी एक दिसंबर को उद्घाटन बठिंडा और 15 दिसंबर को समापन लुधियाना में होगी। इस कप के लिए पुरुष टीम को चयनीत कर लिया गया है, जबकि महिला टीम के अभी तक ट्रायल लिए ही नहीं लिए गए। काबिलेजिक्र है कि पंजाब कबड्डी एसोसिएशन की ओर से पहले ट्रायल की तारीख 15 और 16 नवंबर को तय की गई थी, लेकिन बाद में इसे बदल कर 16 नवंबर कर दिया गया। मौके पर आयोजकों ने बिना किसी जानकारी के तारीख को 19 नवंबर कर दिया, जिसकी खिलाड़ियों को जानकारी नहीं दी गई। जिसके चलते लगभघ 15 महिला खिलाड़ी शुक्रवार को गुरु नानक स्टेडियम में ट्रायल देने पहुंचे, लेकिन उनको मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। बठिंडा, लुधियाना, जालंधर, बटाला, अमृतसर से पहुंची महिला खिलाड़ियों ने कहा कि पंजाब कबड्डी टीम महिला टीम के ट्रायल में कम दिलचस्पी ले रही है, इसलिए तीसरी बार तारीख को आगे बढ़ाया गया है। उधर पिछले वर्ल्ड कप में महिला टीम की कोच रही जसकरन लाडी ने कहा कि महिला टीम के ट्रायल में देरी हो रही है, प्रैक्टिस का समय कब मिलेगा। ट्रायल के बाद कैंप लगा कर खिलाड़ियों को तैयार करने का कम समय खेल में नुक्सान दे सकता है।
इस सबंध में पंजाब कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान व शिक्षा मंत्री सिकंदर सिंह मलूका ने कहा कि बठिंडा में राज्य स्तरीय अंडर 19 कबड्डी मुकाबले और ट्रायल की तारीखें एक साथ थी, जिसके चलते कई खिलाड़ियों ने उनसे अपील की कि वह वह खेलों में हिस्सा लेने के चलते ट्रायल नहीं दे पाएंगे, इसलिए तारीख को बदला जाए। खिलाड़ियों की अपील पर ही तारीख को 3 दिन के लिए आगे किया गया है।