हंबड़ा रोड कपड़ा फैक्टरी में लगी आग
फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियां पहुंची मौके पर
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। हंबड़ा रोड स्थित कपड़ा फैक्टरी में सोमवार दोपहर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रुप धारण कर लिया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियां मौके पर पहुंची। साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। फायर कर्मचारी आग पर काबू पाने में लगे हुए थे। आग से फैक्टरी में पड़ा सारा सामान जल कर राख हो गया था।
शक्ति टेक्सटाइल के मालिक प्रिंस ने बताया कि उनकी फैक्टरी में कपड़ा तैयार होता है। सोमवार दोपहर कुछ वर्कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक शार्ट सर्किट हुआ और वहां पड़े धागे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रुप धारण कर लिया। आग लगते ही फैक्टरी के अंदर काम करने वाले वर्कर बाहर की तरफ भागे। इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई। एक के बाद एक कर दस गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचे ही आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। आग काफी फैली हुई थी। खबर लिखे जाने फायर कर्मचारी आग पर काबू पाने में लगे हुए थे।