फर्नेस हादसे में घायल तीसरे मजदूर की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब।
फतेहगढ़ साहिब के गांव चनालों सरहिंद-भादसों रोड पर स्थित फर्नेस ईकाई एसएस स्टील इंडस्ट्री की भट्टी में आए उबाल के कारण मरने वाले मजदूरों की संख्या तीन हो गई है। तीसरे मजदूर रमा कांत निवासी गांव हरबंसपुरा ने डीएमसी लुधियाना में दम तोड़ दिया।
एसएचओ सरहिंद प्रदीप सिंह ने बताया कि मृतक प्रवासी है। शव का पोस्टमार्टम डीएमसी में कराया जा है। चार मजदूर अपना इलाज के बाद घर चले गए हैं। एसएचओ ने बताया कि मृतकों के पारिवारिक सदस्य प्रवासी हैं। अभी तक किसी भी पीड़ित परिवार ने थाने में संपर्क नहीं किया है और न ही अपना बयान दर्ज नहीं करवाया। पीड़ितों को बनता इंसाफ दिलाने के लिए पुलिस की तकनीकी टीम फर्नेस इकाई का दौरा कर रही है। फर्नेस इकाई के मालिक सुरेश कुमार का कहना है कि वह डीएमसी में हैं। उन्होंने तीसरे मजदूर की मौत पुष्टि करते कहा कि सभी पीड़ितों को बनता मुआवजा देने के साथ इलाज कराया जा रहा है।
कैसे हुआ था हादसा
शुक्रवार की सुबह सात बजे उक्त इलाके की फर्नेस इकाई में उस समय धमाका हो गया जब वहां लोहे को पिघलने का काम चल रहा था। अचानक भट्टी में एक जोरदार धमाका हो गया, जिस कारण भट्टी से पिघला लोहा मजदूरों पर जा गिरा। इससे कई मजदूर गंभीर रूप में झुलस गए। धमाके के बाद करीब 50 फीट ऊंचे शेड के परखच्चे उड़ गए थे।