पीएम मोदी की 56 इंच की छाती कहां गई: भट्ठल
कांग्रेस की पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर बोला सियासी हमला
कहा, तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने पाक को तोड़ बांग्लादेश बनाया
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल ने पुलवामा हमले को लेकर मोदी सरकार पर तीखा सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा दुश्मन मुल्क जो अपने देश से बेहद छोटा है। वह हमारे देश में आकर फौजी युवाओं को मार रहा है। हमले भी कई बार हो चुके हैं। अब मोदी की 56 इंच की छाती कहां गई। भट्ठल किंग्स ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट में महिला कल्याण के संबंध में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचीं थीं।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा नेताओं को केवल बातें बनानी आती हैं। मोदी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले प्रति अपनी जिम्मेवारी निभानी चाहिए। पूर्व सीएम ने कहा हमें पाकिस्तान ने आंखें दिखाई तो उस समय केंद्र की कांग्रेस सरकार ने पाकिस्तान को तोड़कर बंगलादेश बना दिया। उन्होंने पूर्व अकाली-भाजपा सरकार संबंधी कहा कि उन्होंने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में कुछ नहीं किया। भट्ठल ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के जीवन स्तर व उनके आरक्षण को लागू किया हैं। उन्होंने कहा कि 56 इंच का सीना कहने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब विपक्ष में थे, तब वह बातें कुछ और करते थे, आज उनकी सरकार है, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ अभी तक कुछ भी नहीं किया है। केंद्र सरकार को चाहिए कि वह आतंकवाद का सफाया करके देश के वीर जवानों की शहादत का बदला ले। इस अवसर पर ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के प्रधान केवल सिंह यादव, एमएलए धूरी दलबीर गोल्डी, सिमरत कौर खंगूड़ा,कांग्रेस के सीनियर वाइस प्रधान हरदेव सिंह बाजवा, सीनियर नेता प्रधान मक्खन शर्मा, इंस्टीट्यूट के एमडी गुरविंदर बाजवा, हरविंदर चाहल, मनजीत कौर उपस्थित थीं।