पंजाब के प्रति मोदी सरकार की नीयत साफ नहीं: सिंगला
-पीडब्ल्यूडी मंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पंजाब की अनदेखी का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला(संगरूर)। पीडब्ल्यूडी मंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजयइंदर सिंगला ने केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते कहा कि पिछले साढे़ चार वर्ष के दौरान मोदी सरकार ने पंजाब प्रदेश को पूरी तरह से नजरअंदाज करके रखा है और राज्य के विकास के लिए विशेष सहयोग नहीं दिया है। खुद मोदी सरकार, हर फ्रंट पर फेल रही है और उसकी कोई योजना भी परवान नहीं चढ़ी है। शुक्रवार को न्यूज पेपर एजेंट की दादी स्वर्गीय कौशल्या देवी के निधन पर शोक जताने पहुंचे सिंगला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब को तो केंद्र से उस समय भी कुछ नहीं मिला जब प्रदेश में अकाली भाजपा की सरकार थी, प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री थे और उनकी पुत्रवधू हरसिमरत कौर बादल केंद्र में मंत्री थीं। अब तो पंजाब की सियासी तस्वीर बदली हुई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की पंजाब के प्रति नीयत साफ नहीं है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दे रहे हैं सहयोग
हालांकि, सिंगला ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी, पंजाब को सहयोग दे रहे हैं। इंटरस्टेट हाईवे से लेकर हाईवे और नेशनल हाईवे निर्माण के प्रॉजेक्टस में केंद्रीय मंत्री गडकरी पूरा सहयोग दे रहे हैं और आने वाले समय में सहयोग देने का भरोसा दे रहे हैं। पंजाब की सड़कों की दशा सुधारने के लिए उनका विभाग पूरी तनदेही के साथ काम कर रहा है और किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
जस्टिस रणजीत रिपोर्ट को विस में लाइव करने की मांग
सिंगला ने कहा कि बेअदबी मामलों में जस्टिस रणजीत सिंह की जांच रिपोर्ट को विधानसभा में पेश किया जाना है। कांग्रेस ने इस पूरी कार्रवाई को लाइव दिखाने की मांग विस स्पीकर के समक्ष रखी है। ताकि जनता के समक्ष सच्चाई सामने आ सके। इस मौके पर इंडस्ट्री चैंबर के जिलाध्यक्ष घनश्याम कांसल, कांग्रेस की प्रदेश सचिव गीता शर्मा, कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष संजय गोयल, नगर पार्षद डॉ. अमित शर्मा, विजयपाल गीतू, मलकीत सिंह थिंद आदि हाजिर थे।
------------------------------
फोटो:24एसजीआरपी02: सुनाम में पत्रकारों से बातचीत करते कैबिनट मंत्री विजयइंदरसिंगला।