कर्जमाफी पर यू टर्न ले रही सरकार: ढींढसा
पूर्व वित्त बोले, चुप नहीं बैठेगा अकाली दल, विधानसभा में घेरेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)।
पूर्व वित्त मंत्री व अकाली दल के महासचिव परमिंदर सिंह ढींढसा ने रविवार को कहा कैप्टन सरकार कई ओर से कर्ज माफ करने की घोषणा पंजाब के किसानों के लिए अब बडी मुसीबत बन गई है। सरकार अपने वायदे से लगातार पीछे हटते हुए बार-बार खुद के फैसले पर यू टर्न ले रही है। सरकार की नीयत में खोट ने किसानों को बेचैन कर दिया है। ढींढसा पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नए साल ने भी दस्तक दे दी है और किसानों के सिर से कर्ज का बोझ नहीं उतरा। हजारों किसानों ने इस उम्मीद में कर्ज की किश्तों की अदायगी नहीं की कि कैप्टन सरकार उनका पूरा ऋण माफ करेगी। कांग्रेस की इस सियासत ने किसानों के सिर पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ डाल दिया है। कैप्टन सरकार कर्ज माफ करने के मामले में अपने हाथ खींच रही है।
उन्होंने कहा पूरा कर्ज माफ करने की घोषणा करने वाली कांग्रेस सरकार बार बार यू टर्न लेरही है। सारा कर्ज माफ करने के वायदे से पीछे हटते हुए फसली कर्ज माफ करने फिर सिर्फ एग्रीक्लचर बैंकों का कर्ज माफ करने के फैसले से मुकरते हुए अब दो से पांच एकड़ तक की जमीन वाले किसानों का कर्ज माफ करने की बात कह रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया तो अकाली दल चुप नहीं बैठेगा। विधानसभा के अंदर और जनता की कचहरी में मामले को उठाकर कांग्रेस के असली चेहरे को बेनकाब किया जाएगा।