माता चंद कौर के कातिल जल्द पकड़े जाएंगे : कैप्टन
श्री भैणी साहिब नामधारी समुदाय के सतगुरु ठाकुर उदय सिंह से मिले सीएम
सूबा सरकार की नशा मुक्ति मुहिम को सतगुरु ने सराहा
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वीरवार को लुधियाना के पास श्री भैणी साहिब स्थित नामधारी मुख्यालय का दौरा किया। वहां पर कैप्टन ने नामधारी समुदाय के सतगुरु ठाकुर उदय सिंह के साथ करीब एक घंटे तक मुलाकात की।
इस दौरान कैप्टन से भरोसा दिलाया कि माता चंद कौर के कातिल भी शीघ्र ही पकड़े जाएंगे। हालांकि इस मामले की जांच सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन कर रही है। इसके बावजूद पंजाब पुलिस को भी इस मामले की अपने स्तर पर जांच करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने शीघ्र इसे सुलझाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने श्री भैणी साहिब में हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए नया एस्ट्रो टर्फ लगाने का एलान भी किया।
बैठक में सतगुरु ठाकुर उदय सिंह ने पंजाब सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सराहना की। इस मौके पर संत जगतार सिंह, विधायक नवतेज चीमा, राकेश पांडे, सुरिंदर डाबर, मलकीत दाखा, एचएस हंसपाल, करतार सिंह, सतनाम सिंह, लखवीर सिंह और गुरदीप सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।
4 अप्रैल 2016 को मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने नामधारी समुदाय की माता चंद कौर की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। घटना के समय माता चंद कौर नामधारी मुख्यालय में बने स्कूल का दौरा कर वापस मुख्यालय लौट रही थीं। इस दौरान सेवक भी उनके साथ थे। इस केस की जांच का काम सीबीआई को सौंपा गया था। इसके बावजूद अभी तक कातिल पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।