संगरूर। पिछले तीन दिनों से गांव दुग्गा के खरीद केंद्र में धान की बोली न होने से खफा किसानों ने भारतीय किसान यूनियन डकौदा के नेतृत्व में तहसीलदार सराज अहमद का घेराव कर नारेबाजी की। किसानों का आरोप था कि पिछले तीन दिन से खरीद केंद्र में न तो बोली हुई और न ही लोडिंग का काम हुआ।
इस मौके पर यूनियन के बलाक अध्यक्ष कर्म सिंह बलियाल ने कहा कि आढ़ती जानबूझ कर किसानों के धान की तुलाई नहीं कर रहे। इसके अलावा धान की नमी जांचने वाले यंत्रों से भी छेड़छाड़ की जा रही है। पिछले तीन दिन से खरीद केंद्र में धान बेचने आए किसान बोली होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद आपसी बातचीत में तय हुआ कि इंस्पेक्टर अपने यंत्रों से नमी की जांच करेंगे और 20 से 21 प्रतिशत नमी वाले धान की खरीद भी की जाएगी। इस मौके पर किसान यूनियन के नेता सुखदेव सिंह घराचों, परमजीत सिंह, केवल सिंह, चमकौर सिंह, लक्खा सिंह, गुरमेल सिंह, जग्गा सिंह, गुरदियाल सिंह और दर्शन सिंह उपस्थित थे।
शेरपुर में नोडल अधिकारी और पटवारी को घेरा
शेरपुर के नजदीकी गांव दीदारगढ़ में किसानों द्वारा पराली को आग लगाने से रोकने के लिए मौके पर पहुंचे नोडल अधिकारी गुरसेवक सिंह और पटवारी जसपाल शर्मा का किसानों ने घेराव कर लिया। किसान संदीप सिंह, सुखविंदर सिंह, हरमेल सिंह, राजिंदरसिंह, गुरबख्शीश सिंह, नाजर सिंह, बहाल सिंह, कर्मजीत सिंह ने बताया कि पराली जलाने के सिवा उनके पास कोई चारा नहीं है। वहीं पटवारी जसपाल शर्मा ने बताया कि उन्हें उच्च अधिकारियों ने सूचना दी थी कि दीदारगढ़ में पराली को आग लगाई हुई है, वहां जाकर मौका देखा जाए। जब वह मौका देखने गए तो किसानों ने उन्हें घेर लिया। इस संबंधी उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।