प्रत्याशियों के नामांकन रद्द करने पर भड़के अकाली-भाजपा वर्कर
संगरूर-भवानीगढ़ में कांग्रेस सरकार के खिलाफ किया गया प्रदर्शन
कांग्रेस पर लगाए धक्केशाही करने के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनाव में अकाली-भाजपा के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र रद्द होने से भड़के अकाली-भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस सरकार पर धक्केशाही करने के आरोप लगाए हैं।
डीसी दफ्तर के सामने लगाए धरने को संबोधित करते हुए पूर्व संसदीय सचिव प्रकाश चंद गर्ग ने कहा कि कांग्रेस बौखलाहट में आकर ऐसा कर रही है। जिन हलकों में उसे हार नजर आ रही है वहां अकाली-भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन पत्र रद्द करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगरूर और भवानीगढ़ में दस प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जानबूझकर रद्द करवा दिए गए। उन्होंने मांग की कि धक्के से रद्द किए नामांकनपत्र बहाल किए जाएं और रद्द करने वाले अधिकारियों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाए। मौके पर भाजपा नेता अमनदीप सिंह पूनिया, नगर काउंसिल अध्यक्ष रिपुदमन सिंह ढिल्लों, पार्षद सरजीवन जिंदल, भाजपा नेता विक्रम सैनी, सुनील कुमार डिंपल, एडवोकेट ललित गर्ग, केके मोदगिल मौजूद थे।
वहीं भवानीगढ़ में अकाली दल की तरफ से मार्केट कमेटी दफ्तर के सामने एसडीएम भवानीगढ़ और कांग्रेस सरकार के खिलाफ खाली पीपे खड़काकर रोष प्रदर्शन किया गया। अकाली नेताओं ने कहा कि एसडीएम ने अकाली दल के 6 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र गलत आरोप लगाकर रद्द किए हैं। कांग्रेस की धक्केशाही को सहन नहीं किया जाएगा। इनका डटकर विरोध किया जाएगा।
फोटो:11एसजीआरपी01ए:संगरूर में डीसी दफ्तर के सामने धरना देतेहुए अकाली दल के कार्यकर्ता।
फोटो:11एसजीआरपी01बी:भवानीगढ़ में खाली पीपे खड़काकर रोष जाहिरकरते हुए अकाली वर्कर।