पुलिस की ढीली करवाई के खिलाफ ग्रामीणों का धरना
नाबालिग के अपहरण का मामला, चौकी प्रभारी को बदलने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। नाबालिग के अपहरण मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इससे गुस्साए नाबालिग के परिजनों ने लोगों के साथ मिलकर रविवार को सिविल अस्पताल चौकी के बाहर धरना लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी।
नाबालिग के पिता ने बताया कि मंगलवार को उनकी बेटी को दो युवक पुराने थाने के पास से बाइक पर अगवा कर ले गए थे। इस संबंधी उन्होंने तुरंत पुलिस के पास शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को अगवा करने वाले लोगों के बारे में जब सिविल अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई बलदेव सिंह को बताया तो उन्होंने उन लोगों को पूछताछ के लिए बुलाने की बजाय उनके साथ बदतमीजी की। नाबालिग के पिता ने बताया कि अब उनकी बेटी की लोकेशन भी पुलिस को पता चल चुकी है लेकिन पुलिस ढीली कार्रवाई कर रही है। धरने में शामिल कांग्रेसी पार्षद संजय विसवाल ने कहा कि चौकी प्रभारी का रवैया पीड़ित परिवार के प्रति सही नहीं है। उन्होंने जिला पुलिस अधिकारियों से मांग की कि उक्त चौकी प्रभारी बलदेव सिंह को तुरंत बदला जाए और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिया जाए। चौकी प्रभारी एएसआई बलदेव सिंह का कहना है कि इस बारे में अफसरों से बात करें। जब एसएसपी नानक सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उक्त मामले में पुलिस की टीम को अलवर भेज दिया गया है। एसएसपी ने दावा किया कि लड़की को अगवा कर ले जाने वाले आरोपी जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे।