लुधियाना। शहर की विभिन्न मस्जिदों के इमाम, प्रधान और मुस्लिम समाज सेवकों की बैठक सोमवार की रात फील्ड गंज चौक स्थित जामा मस्जिद में शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शामिल करीब पांच सौ सदस्यों ने सर्व सहमति से तबरेज अंसारी की झारखंड में की गई हत्या के खिलाफ निंदा का प्रस्ताव पारित किया और देश में धर्म के नाम पर हो रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।
शाही इमाम मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी ने कहा कि धर्म के नाम पर की जा रही ओछी राजनीति चिंता का विषय है। ऐसी घटनाओं से घबराने कि बजाए हमें हालात का सामना करना होगा। शाही इमाम ने मीटिंग में शामिल सभी सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी कीमत पर समाज में भाईचारा ना टूटने दें और शरारती तत्वों से सतर्क रहें। हमें अपने गैर मुस्लिम पड़ोसी और इलाके के सभी धर्मों के लोगों से मजबूत संबंध बना कर रखने हैं, ताकि कोई भी बुरा तत्व शरारत न कर सके।
शाही इमाम ने कहा कि यह देश सब का एक समान है, यहां हर इंसान को अपने धर्म के साथ चलने की आजादी है। शाही इमाम ने कहा कि अगर आपको लगता है कि कोई बाहरी इलाके के लोग यां कोई कट्टरपंथी माहौल खराब करना चाहता है तो बिना देरी किए प्रशासन को बताएं और जामा मस्जिद से भी संपर्क बनाएं। मौलाना उस्मान ने कहा कि हम न किसी के साथ जुल्म करते हैं और न ही जुल्म बर्दाश्त करते हैं। हमारा मकसद समाज में मोहब्बत बांटना और नफरतों को मिटाना है। इस अवसर पर देश में अमन और शांति के लिए दुआ भी की गई।