सोमवार शाम लगभग 6 बजे साहनेवाल एरिया में पानी मोटर की चेक करने गए पावरकॉम मुलाजिमों को कुछ लोगों ने बंधक बना लिया। उन्हें एक कमरे में बंद कर मारपीट की गई। इसमें कुछ मुलाजिम घायल हो गए।
थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने जूनियर इंजीनियर की शिकायत पर आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य की तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है।
जूनियर इंजीनियर मनप्रीत सिंह के अनुसार आला अधिकारियों ने आदेश जारी किए है कि हर जेई अपने एरिया में चल रही चार पानी की मोटरों की जांच कर रिपोर्ट भेजेगा। इसी आदेश के तहत वह अपने साथ एडिशनल एसडीओ, एक लाइनमैन और तीन अन्य मुलाजिमों को साथ लेकर जांच के लिए निकले थे। साहनेवाल एयरपोर्ट के पास जैसे ही वह एक मोटर की जांच करने पहुंचे।
वहां पर बैठे कुछ लोगों ने उन्हें पहले मोटर वाले कमरे में बंद कर दिया। फोन कर अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। जैसे वह कमरे से बाहर निकले तो उक्त लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके तीन मुलाजिमों को गंभीर चोटें लगी हैं। किसी तरह वह बचकर रामगढ़ पुलिस चौकी पहुंचे।
वहां पर पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने गांव पवा निवासी लखवीर सिंह, एवनजोत सिंह, पलविंदर सिंह सहित पांच अज्ञात के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में विघ्न डालने और मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी लखवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।